कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी

मंडला, 12 मई 2026
मुख्यमंत्री की मंशानुसार वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाए जाने के तहत जिले में किसानों को कृषि योजनाओं एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के लिए विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविरों एवं बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम पंचायत बरगांव में कृषक संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें किसानों को विभागीय योजनाओं, ई-केवाईसी, ई-टोकन एवं नरवाई प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में कृषि विस्तार अधिकारी श्री अनिल मुनिया ने किसानों को एमपी किसान ऐप के माध्यम से आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर द्वारा ई-टोकन बुकिंग की प्रक्रिया समझाई तथा इसकी वैधता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नरवाई जलाने से पर्यावरण एवं भूमि की उर्वरा शक्ति को होने वाले नुकसान के बारे में बताया और शासन द्वारा निर्धारित जुर्माने की जानकारी भी साझा की।
संगोष्ठी में खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए बीज उपचार, खेतों की साफ-सफाई, उर्वरक भंडारण, मृदा नमूना परीक्षण एवं प्राकृतिक खेती जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को फार्मर आईडी बनाने तथा राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित करने की सलाह भी दी गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



