खबर मंडला मध्यप्रदेश MP/CG
सिवनी में अंधे हत्याकांड का खुलासा: जादू-टोना और जमीन विवाद में भतीजे ने कराई चाचा की हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

सिवनी। जिले के लखनादौन थाना पुलिस ने ग्राम सिहोरा में हुए चर्चित अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जादू-टोना की आशंका और जमीन विवाद के चलते भतीजे ने अपने ही चाचा की हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन और एक बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक के.पी. धुर्वे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस मामले का खुलासा किया।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को ग्राम सिहोरा तालाब के किनारे मोहनलाल गोल्हानी (42) का शव उथले पानी में मिला था। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम बनाई गई।
ऐसे रची गई हत्या की साजिश
जांच के दौरान मृतक के भतीजे राहुल गोल्हानी से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। राहुल ने बताया कि उसे शक था कि उसके चाचा ने उस पर जादू-टोना किया है। साथ ही जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर भी वह नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने आकाश महोबिया को 1.50 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी।
2 जुलाई की रात राहुल अपने चाचा को डीएपी खाद का बहाना बनाकर तालाब के पास ले गया। वहां पहले से मौजूद चार आरोपियों ने गमछे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी और शव तालाब किनारे फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गीता बाई ने मृतक की लोकेशन उपलब्ध कराई थी।
6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 6 मोबाइल फोन और एक बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



