कान्हा टाइगर रिजर्व: सरही में आधुनिक कैंटीन का भव्य शुभारंभ, महिला सशक्तिकरण को मिली नई उड़ान
Kanha Tiger Reserve के सरही गेट पर मध्य प्रदेश ईको पर्यटन बोर्ड के सहयोग से वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदायों के आर्थिक विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। सरही ग्राम में नवनिर्मित आधुनिक कैंटीन का गरिमामय शुभारंभ 9 मई 2026 को संपन्न हुआ, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह स्थानीय महिलाओं को सौंपी गई है।
कैंटीन का उद्घाटन समिता राजोरा एवं एल. कृष्णमूर्ति द्वारा किया गया। इस अवसर पर रविंद्र मणि त्रिपाठी, प्रकाश वर्मा, अमिता के.बी. सहित वन विभाग के अधिकारी, स्थानीय अमला और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
नवनिर्मित कैंटीन का संचालन ‘पीपल स्व-सहायता समूह’ की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। अधिकारियों ने कैंटीन का अवलोकन करते हुए इसे पर्यटकों के लिए एक उत्कृष्ट सुविधा बताया। इस पहल से पर्यटकों को स्थानीय व्यंजनों का स्वाद मिलेगा, वहीं ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी विकसित होंगे।
संवाद से समाधान की ओर
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद आयोजित संवाद सत्र में ग्रामवासियों, जिप्सी एसोसिएशन के सदस्यों और गाइडों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए जायज मांगों पर त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


