ग्रामीणों के बीच बैठकर कलेक्टर-एसपी ने सुनी समस्याएं, पारदर्शिता और न्याय का दिया भरोसा

मंडला। चुटका परमाणु परियोजना को लेकर प्रशासन ने जनसंवाद को और अधिक मजबूत करते हुए नारायणगंज एवं चुटका क्षेत्र के ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा स्वयं चुटका गांव पहुंचे और ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर खुली चर्चा की। इस पहल से संवाद का माहौल सहज, भरोसेमंद और सकारात्मक नजर आया।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा (अवार्ड) वितरण, विस्थापन और पुनर्वास से जुड़ी अपनी चिंताएं खुलकर रखीं। विशेष रूप से मुआवजे की पारदर्शिता, पुनर्वास स्थल पर मिलने वाली सुविधाएं और आजीविका के विकल्प प्रमुख मुद्दे रहे।
कलेक्टर श्री धोटे ने सभी प्रश्नों का विस्तार से जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि शासन की मंशा पूरी तरह जनहित में है और हर प्रक्रिया नियमों के तहत पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र परिवार के साथ अन्याय नहीं होगा और सभी को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं पुनर्वास पैकेज प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक प्रभावित परिवार से व्यक्तिगत रूप से मिलकर अवार्ड, पुनर्वास नीति, प्लॉट आवंटन, मूलभूत सुविधाओं और अन्य लाभों की जानकारी स्पष्ट रूप से दें, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री सकलेचा ने भी ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए उनकी सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि नवनिर्मित पुनर्वास कॉलोनी को पेयजल, सड़क, बिजली, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे प्रभावित परिवारों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।
अंत में अधिकारियों ने मौके पर ही ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किया और आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इसी तरह सीधे संवाद के माध्यम से समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
इस दौरान अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम सी.एल. वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


