आखिर कब रुकेगा टाइगर की मौत का सिलसिला?कान्हा में लगातार हो रही बाघों की मौत से उठे गंभीर सवाल
मंडला, मध्यप्रदेश।

देश के प्रमुख टाइगर रिजर्व में शामिल कान्हा टाइगर रिजर्व एक बार फिर बाघ की मौत की घटना को लेकर चर्चा में है। लगातार सामने आ रहे टाइगर डेथ मामलों ने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताजा मामले में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत बाघ का पोस्टमार्टम और जांच प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल पर वन अमला, चिकित्सकीय टीम और अधिकारी मौजूद रहे। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार बाघों की मौत के पीछे कई संभावित कारण हो सकते हैं, जिनमें आपसी संघर्ष, शिकारियों की सक्रियता, जहरीला पदार्थ, बिजली करंट और मानव हस्तक्षेप प्रमुख हैं। वहीं जंगलों का लगातार कम होता क्षेत्र भी वन्यजीवों के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बाघों का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है।
वन विभाग का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जंगलों में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
बाघ केवल वन्यजीव नहीं, बल्कि जंगल और पर्यावरण संतुलन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में लगातार हो रही मौतें वन संरक्षण व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।

रिपोर्ट: प्रशांत तिवारी
खबर: मंडला मध्यप्रदेश MP/CG


