खबर मंडला मध्यप्रदेश MP/CG
बिलगांव में नए स्कूल भवन का भूमि पूजन | विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मंडला। शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलगांव के नवीन विद्यालय भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक निवास चैन सिंह वरकड़े रहे। उनके साथ जनपद पंचायत मोहगांव के अध्यक्ष गत सिंह भवेदी, उपाध्यक्ष एवं स्थायी शिक्षा समिति के अध्यक्ष, जनपद सदस्य गोंदिया परते, जनपद सदस्य श्रवण परते, ग्राम पंचायत बिलगांव के सरपंच लमतू सिंह धुर्वे तथा उपसरपंच प्रसन्न भांवरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन से हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि नवीन विद्यालय भवन का निर्माण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देगा। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ अध्ययन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
प्रभारी प्राचार्य शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहगांव दीपक कछवाहा एवं पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलगांव के प्रभारी प्राचार्य फूलचंद नंदा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए विद्यालय भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के पंचगण, ग्रामीण, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय भवन निर्माण को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण की कामना की।



