खबर मंडला, मध्यप्रदेश (MPCG)
प्रशांत तिवारी की रिपोर्ट

झोलाछाप डॉक्टर की क्लीनिक पर प्रशासन की कार्रवाई, क्लीनिक सील
मंडला, 23 जून 2026:
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मवई क्षेत्र के घुटास उमरिया तिराहा स्थित एक झोलाछाप डॉक्टर की क्लीनिक पर छापामार कार्रवाई की। शिकायत के आधार पर की गई जांच में क्लीनिक का संचालन संदिग्ध एवं अवैध रूप से किए जाने की आशंका पाए जाने पर अग्रिम कार्रवाई तक क्लीनिक को सील कर दिया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने बताया कि श्री मिथुन कुमार लिखाके द्वारा संचालित क्लीनिक के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के सत्यापन हेतु स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त निरीक्षण टीम मौके पर पहुंची और क्लीनिक का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों की जांच की। इस दौरान उपलब्ध साक्ष्यों का भी संकलन किया गया।
निरीक्षण दल में तहसीलदार, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग ऑफिसर तथा स्वास्थ्य विभाग का पर्यवेक्षकीय स्टाफ शामिल रहा। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर टीम ने अग्रिम कार्रवाई तक क्लीनिक को सील कर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


