प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने बिछिया में कृषक संगोष्ठी आयोजित
खबर मंडला मध्यप्रदेश MP/CG

मंडला, 19 जून 2026: किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) परियोजना के अंतर्गत विकासखंड बिछिया के जनपद पंचायत सभागार में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषक संगोष्ठी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा माँ सरस्वती के पूजन के साथ किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना, खेती की लागत कम करने के उपाय बताना, रसायनमुक्त कृषि के लाभों से अवगत कराना तथा उन्नत कृषि तकनीकों, कृषि विविधीकरण एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था।
संगोष्ठी में डॉ. कृष्ण कुमार राणा ने प्राकृतिक खेती के लाभों एवं इससे मृदा उर्वरता में होने वाले सुधार की जानकारी दी। वहीं डॉ. विजय आनंद मरावी ने कृषि रसायनों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया।
प्राकृतिक खेती से जुड़े कृषक राजेन्द्र सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी आने के साथ भूमि की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषि विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता कर प्राकृतिक खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।



