खबर | मंडला मध्यप्रदेश (MP/CG)
✍️ प्रशांत तिवारी

छात्र-छात्राओं ने बिनैका में चलाया स्वच्छता अभियान, निकाली नशा मुक्ति रैली
मंडला, 27 मार्च 2026
शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम बिनैका में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं ने सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर के दूसरे और तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए ग्राम बिनैका की माध्यमिक शाला एवं आंगनवाड़ी परिसर में सघन सफाई अभियान चलाया। इस दौरान प्लास्टिक एवं कागज के कचरे को एकत्र कर उचित स्थान पर निस्तारित किया गया, साथ ही स्वच्छता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के पूजन के साथ हुई। शिविर में ग्राम विकास संयोजक श्री नैनसुख द्वारा स्वयंसेवकों को अनुशासन, दिनचर्या एवं समग्र विकास के महत्व से अवगत कराया गया। उन्होंने योगासन, पीटी, खेलकूद एवं देशभक्ति गीतों के माध्यम से छात्रों का शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित किया।
एनएसएस प्रभारी श्री प्रवीण अग्रवाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं समाज में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिविर के तीसरे दिन छात्र-छात्राओं द्वारा ‘नशा मुक्ति रैली’ निकालकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। रैली में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज को सकारात्मक संदेश दिया।

यह शिविर प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच श्रीमती अनसुईया बाई, श्री संजय धनगर, श्री मुकेश चौरसिया, श्रीमती मातेश्वरी परस्ते एवं श्रीमती मंजू चंद्रोल का विशेष सहयोग रहा।
ग्रामीणों ने छात्र-छात्राओं के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए उनके सेवा भाव को प्रेरणादायक बताया और पूर्ण सहयोग प्रदान किया।

जन्मतिथि के हिसाब से सटीक विश्लेषण के लिए


