झंकार भवन मंडला में आयोजित लाड़ली लक्ष्मी उत्सव में बालिकाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश

मंडला | 2 मई 2026
मंडला में आयोजित लाड़ली लक्ष्मी उत्सव 2026 के अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके ने कहा कि आज की बालिकाएं कल के सशक्त समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेटियों को आत्मनिर्भर, शिक्षित और आत्मविश्वासी बनाने का एक सशक्त माध्यम है।
झंकार भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री उइके ने बताया कि वर्ष 2007 में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, लिंगानुपात में सुधार लाना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, एसडीएम सोनल सिडाम सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंत्री उइके ने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों को बोझ नहीं बल्कि परिवार और समाज की शक्ति के रूप में देखें। उन्होंने कहा कि जब एक बेटी शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है और यह राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान “एक पेड़ लाड़ली लक्ष्मी के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। साथ ही बालिकाओं को योजना के आश्वासन प्रमाण पत्र वितरित किए गए और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों देने वाली टीम को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि जिले में अब तक 87,943 बालिकाएं इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं, जबकि 71,287 बालिकाओं को छात्रवृत्ति और 1,543 बालिकाओं को उच्च शिक्षा हेतु प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।
कार्यक्रम का संचालन अर्पिता झरिया द्वारा किया गया।



