महिलाओं को डिजिटल साक्षरता व स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

मंडला, 5 मई 2026
महिलाओं के सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत परसा टोला, विकासखंड मवई, तहसील बिछिया में “हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन” योजना के अंतर्गत डिजिटल साक्षरता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती शालिनी तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने महिलाओं एवं बालिकाओं को डिजिटल साक्षरता के तहत कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी दी। साथ ही उन्हें शासन की विभिन्न कौशल विकास योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को प्रजनन स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित आहार एवं पौष्टिक भोजन के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। आशा कार्यकर्ताओं से भी अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाएं।
कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए संचालित वन स्टॉप सेंटर एवं आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरतमंद महिलाएं समय पर सहायता प्राप्त कर सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पी.एल.वी. श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने निःशुल्क विधिक सहायता योजना, हिट एंड रन योजना, लोक अदालत एवं जनोपयोगी लोक अदालत की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने यातायात नियमों के पालन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं बहुउद्देशीय कार्यकर्ता श्री हरिशंकर कछवाहा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।



