मंडला: राष्ट्रीय बाघ दिवस पखवाड़ा के तहत संवाद कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने लिया वन्यजीव संरक्षण का संकल्प

मंडला, 21 जुलाई 2026। राष्ट्रीय बाघ दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाघ संरक्षण, वन्यजीवों की उपयोगिता तथा पर्यावरण पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कान्हा टाइगर रिजर्व के एसडीओ आशीष पांडे ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को बाघ एवं अन्य वन्यजीवों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बाघ केवल एक वन्यजीव नहीं, बल्कि जंगलों की सेहत और जैव विविधता का प्रतीक है।
विद्यालय की प्राचार्य कल्पना नामदेव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संवाद विद्यार्थियों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति व्यावहारिक समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के प्रभारी एवं इको क्लब मास्टर ट्रेनर अखिलेश उपाध्याय ने बाघ की खाद्य श्रृंखला में भूमिका, पर्यावरण संतुलन में उसकी उपादेयता तथा विश्व प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क की विशेषताओं और उसके संरक्षण प्रबंधन की जानकारी विद्यार्थियों को दी।
कार्यक्रम में इको क्लब के पर्यावरण प्रहरी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वन्यजीव संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी प्रवीण अग्रवाल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया।
रिपोर्ट: प्रशांत तिवारी
खबर मंडला मध्यप्रदेश MP/CG


