खबर मंडला, मध्यप्रदेश (MP/CG)
प्रशांत तिवारी
🟥 चुटका परमाणु परियोजना को लेकर प्रशासन का जनसंवाद तेज

कलेक्टर और एसपी ने गांव पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, पारदर्शिता का दिया भरोसा
मंडला। चुटका परमाणु परियोजना को लेकर प्रशासन ने जनसंवाद को और अधिक मजबूत करते हुए नारायणगंज और चुटका क्षेत्र के ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने चुटका गांव पहुंचकर ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर खुली चर्चा की, जिससे संवाद का माहौल सहज और भरोसेमंद बना।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा (अवार्ड) वितरण, विस्थापन और पुनर्वास से जुड़ी अपनी आशंकाएं खुलकर सामने रखीं। उन्होंने विशेष रूप से मुआवजे की पारदर्शिता, पुनर्वास स्थल की सुविधाओं और आजीविका के विकल्पों को लेकर चिंता जताई।
कलेक्टर धोटे ने सभी मुद्दों पर विस्तार से जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि शासन की मंशा पूरी तरह जनहित में है और हर प्रक्रिया नियमों के तहत पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र परिवार के साथ अन्याय नहीं होगा और सभी को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं विस्थापन पैकेज मिलेगा।
उन्होंने एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक प्रभावित परिवार से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें अवार्ड, पुनर्वास नीति, प्लॉट आवंटन और अन्य सुविधाओं की पूरी जानकारी दें, ताकि किसी भी तरह का भ्रम न रहे।
वहीं, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि पूरी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि नवनिर्मित पुनर्वास कॉलोनी को पेयजल, सड़क, बिजली, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि प्रभावित परिवारों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।
अंत में प्रशासन ने ग्रामीणों की शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया और भविष्य में भी इसी तरह सीधे संवाद जारी रखने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम सीएल वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



