खबर मंडला मध्यप्रदेश MP/CG
एसपी ने ली मासिक अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

मंडला, 23 मार्च 2026
जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में पुलिस कंट्रोल रूम मंडला में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित अपराधों के त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिस स्टाफ को विभिन्न विषयों के साथ-साथ उच्च न्यायालय के नवीनतम निर्णयों के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर एसडीओपी मंडला, निवास, बिछिया, नैनपुर, डीएसपी (एलआर) सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई, महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता बरतने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पीएम राहत एवं ‘राहवीर’ योजना के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को कैशलेस इलाज सुविधा की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में माइक्रोबीट अधिकारियों को अपने दायित्वों का कड़ाई से पालन करने, क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थानों एवं सरकारी गोदामों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डायल 112 सेवा की तत्परता बनाए रखने एवं सीसीटीएनएस में समय पर जानकारी दर्ज करने पर भी जोर दिया गया।
अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त, वाहन चेकिंग, निगरानी बदमाशों पर सतत कार्रवाई एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए गए।




