खबर मंडला मध्यप्रदेश MP/CG
दिनांक: 12 मार्च 2026
किसानों की आय बढ़ाने के लिए तिलहन क्षेत्र के विस्तार पर जोर, उन्नत बीजों का वितरण शुरू

मंडला। जिले में किसानों की आय बढ़ाने और फसलों के विविधीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा तिलहनी फसलों के क्षेत्र विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जायद वर्ष 2025-26 के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके तहत तिल और मूंगफली की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।
उप संचालक कृषि श्री अश्वनी झारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत तिल का क्षेत्र विस्तार 1000 हेक्टेयर तथा मूंगफली का क्षेत्र विस्तार 500 हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों को बेहतर उत्पादन और उच्च गुणवत्ता की फसल प्राप्त हो सके, इसके लिए तिल की उन्नत किस्म ‘रामा’ और मूंगफली की किस्म ‘जी.जी. 37’ के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन बीजों का भंडारण जिले के सभी 9 विकासखंडों में करा दिया गया है और जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में वैल्यू चेन पार्टनर के माध्यम से किसानों को बीज वितरित किए जा रहे हैं।
कृषि विभाग के अनुसार यह बीज मुख्य रूप से उन किसानों को दिए जा रहे हैं जिनके पास सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे इस नवाचार को अपनाएं और तिल व मूंगफली के उन्नत बीजों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाएं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।


