मंडला। मंडला जिले के निवास स्थित एसडीएम कार्यालय में पदस्थ रीडर को मध्य प्रदेश लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी खसरे में दर्ज नाम की त्रुटि सुधारने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई शिकायत की पुष्टि के बाद की गई। लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि ग्राम दरगड़, तहसील निवास निवासी गेंदलाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उसके पिता की कृषि भूमि के खसरे में त्रुटिवश मूलचंद की जगह फूलचंद नाम दर्ज हो गया था। नाम सुधार के लिए आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और 18 फरवरी को आरोपी सहायक ग्रेड-3 काशीराम मरावी को 5 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान ट्रैप दल में टीएलओ निरीक्षक शशिकला मस्कुले, निरीक्षक जितेंद्र यादव और उपनिरीक्षक शिशिर पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से शासकीय कार्यालयों में हड़कंप की स्थिति रही। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।