
अवैध शराब तस्करी पर मंडला पुलिस का कड़ा प्रहार: फरार ईनामी तस्कर गिरफ्तार
मंडला/निवास | प्रशांत तिवारी
मंडला जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत ‘थाना निवास’ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वर्ष 2025 के एक पुराने आबकारी मामले में फरार चल रहे दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
क्या था मामला?
उल्लेखनीय है कि 26 जून 2025 को पुलिस ने एक महिंद्रा SUV कार (DL12-CA-2992) से भारी मात्रा में (10 पेटी अंग्रेजी शराब) जप्त की थी। उस दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में सफल रहे थे। पुलिस अधीक्षक द्वारा इन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान थाना निवास पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर दिनांक 27 मार्च 2026 को पुलिस ने घेराबंदी कर दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया:
- देवेन्द्र झारिया (निवासी सरसवाही, थाना निवास)
- सोनेलाल उर्फ सोनू पटेल (निवासी बल्हवाड़ा, थाना बरेला, जिला जबलपुर)
पकड़े गए आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि इन आरोपियों के विरुद्ध जबलपुर जिले के विभिन्न थानों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अभी भी दो आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में शामिल दो अन्य आरोपी— गोपाल सोनकर (निवासी बरेला) और आदर्श दुबे उर्फ आदी (निवासी जमुनिया) अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं।

कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल घासले, उप निरीक्षक पंकज विश्वकर्मा, सहायक उप निरीक्षक मयाराम धुर्वे, प्रधान आरक्षक छोटेलाल देसिया, आरक्षक बुद्धसेन मरावी, उमेश पटेल, स्वरूप बरकड़े, सैनिक राजेश खम्परिया, सुरेश भटेरे और सूर्यचंद बघेल की सराहनीय भूमिका रही।



