
👉 “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम से छात्रों में बढ़ा आत्मविश्वास
स्कूल चलें अभियान के तहत जामगांव हाई स्कूल में किया संवाद, पढ़ाई और अनुशासन पर दिया जोर
खबर मंडला मध्यप्रदेश MP/CG | मंडला | 4 अप्रैल 2026
मंडला जिले के नैनपुर अनुविभाग में संचालित “स्कूल चलें अभियान” के अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर आशुतोष महादेव सिंह ठाकुर ने “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के तहत शासकीय हाई स्कूल जामगांव का भ्रमण किया।
इस दौरान एसडीएम श्री ठाकुर विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनसे आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनके शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने, नियमित अध्ययन करने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को गणित, भौतिकी एवं रसायन शास्त्र जैसे विषयों का अध्यापन भी कराया। सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने जटिल विषयों को समझाया, जिससे विद्यार्थियों में विषयों के प्रति रुचि और समझ बढ़ी।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शैक्षणिक स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास जगाने का कार्य किया।
“भविष्य से भेंट” जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल प्रेरित करते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और लक्ष्य निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



