लंबे समय से चल रहे अवैध उत्खनन पर कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीण, प्रशासन पर उठे सवाल
- खबर मंडला मध्यप्रदेश MP/CG
- दिनांक 18/03/2026

मंडला (मध्यप्रदेश):
जिले के बम्हनी बंजर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुगदरा में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और युवाओं ने सड़क पर वाहन खड़े कर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और जाम खुलवाने की कार्रवाई की। इस दौरान सड़क पर खड़े वाहनों को जब्त किया गया। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार को जितने क्षेत्र में खनन की अनुमति दी गई है, उससे कई गुना अधिक क्षेत्र में अवैध उत्खनन किया जा रहा है। इसके बावजूद खनिज विभाग द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार से दौड़ते रेत से भरे भारी वाहन आए दिन हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं, जिससे आमजन की जान जोखिम में है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या खनिज विभाग को इस अवैध खनन की जानकारी नहीं है, या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है? यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह मामला और गंभीर रूप ले सकता है।


