
ग्रामीणों की मेहनत से मजबूत हो रहा खेत तालाब, जल संरक्षण को मिल रहा नया जीवन
📰 खबर मंडला मध्यप्रदेश (MP/CG)
जनभागीदारी से संवर रही जल संरचनाएं: सिंहपुर समैया में खेत तालाब का कायाकल्प
📍 मंडला | 24 मार्च 2026
मुख्यमंत्री के आह्वान पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन का कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में जनपद पंचायत निवास के ग्राम सिंहपुर समैया में जनभागीदारी का एक प्रेरक उदाहरण सामने आया है।
वाटरशेड योजना के तहत निर्मित खेत तालाब को सुदृढ़ करने के लिए स्थानीय ग्रामीण और हितग्राही स्वयं आगे आए हैं। जल संचयन के महत्व को समझते हुए ग्रामीणों द्वारा जनसहयोग से तालाब की पिचिंग (पत्थर जड़ाई) और ड्रेसिंग का कार्य उत्साहपूर्वक किया जा रहा है।
इस सामूहिक प्रयास से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि ग्रामीणों में जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना भी विकसित हो रही है।

यह कार्य कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन, सीईओ जिला पंचायत श्री शास्वत सिंह मीणा के मार्गदर्शन एवं जिला परियोजना अधिकारी वाटरशेड श्री उमेश कुमार सिंगरौर के प्रयासों से सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। जनभागीदारी का यह मॉडल क्षेत्र में जल संरचनाओं के संरक्षण के लिए एक मिसाल बनता जा रहा है।



